30 जून : नगर निगम सोलन को सोमवार को नए मेयर और डिप्टी मेयर नहीं मिल सके। शपथ ग्रहण समारोह के बाद आयोजित बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के कारण उपायुक्त ने चुनाव स्थगित कर दिया। अब दोनों पदों के लिए चुनाव 2 जुलाई को शाम 3 बजे होगा।
सोमवार को नगर निगम कार्यालय के बैठक कक्ष में नवनिर्वाचित 17 पार्षदों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा के टिकट पर निर्वाचित 10 पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद समय पर पहुंचे, जिन्हें उपायुक्त ने शपथ दिलाई। इसके बाद कांग्रेस के छह पार्षदों ने भी शपथ ग्रहण की।
शपथ लेने के तुरंत बाद कांग्रेस के सभी छह पार्षद बैठक कक्ष से बाहर चले गए। इसके चलते मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए आवश्यक कोरम पूरा नहीं हो सका। बैठक में केवल 11 पार्षद मौजूद रहे, जबकि पहली बैठक के लिए नियमानुसार कम से कम 13 पार्षदों की उपस्थिति अनिवार्य थी। कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी।
नगर निगम के 17 निर्वाचित पार्षदों में भाजपा को निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत का समर्थन प्राप्त है, जिससे उसके समर्थन में कुल 11 सदस्य हो गए हैं। हालांकि, भाजपा के दो पार्षदों की सदस्यता सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामलों की जांच के चलते फिलहाल विवादों में बनी हुई है।