CM सुक्खू के बड़ा भंगाल दौरे से जगी विकास की उम्मीद, ग्रामीणों ने कहा- पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने सुनी हमारी पीड़ा

30 जून : हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का दौरा स्थानीय लोगों के लिए नई उम्मीद और विश्वास लेकर आया। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रवास को अपने लिए बड़ी सौगात बताया।

ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पहुंचकर न केवल लोगों की समस्याएं सुनीं, बल्कि कई अहम घोषणाएं भी कीं। स्थानीय निवासी कमलो देवी ने कहा कि अब उन्हें उम्मीद जगी है कि बड़ा भंगाल के दिन भी बदलेंगे। वहीं रिशू राम ने कहा कि आज तक कोई मुख्यमंत्री यहां रात्रि प्रवास के लिए नहीं आया था और अब लग रहा है कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होगा।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान स्पष्ट कहा कि वह राजनीति नहीं, बल्कि लोगों का दुख-दर्द बांटने आए हैं। उनके इस संदेश ने ग्रामीणों के बीच भरोसे का माहौल बनाया।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। इसके अलावा विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए दो डीजल जनरेटर उपलब्ध करवाने, छात्रों के लिए हेली टैक्सी सुविधा, बीड़ में छात्रावास निर्माण, महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता, महिला मंडलों और युवक मंडलों को आर्थिक सहयोग देने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने राजमाह की ब्रांडिंग और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इन घोषणाओं से बड़ा भंगाल विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा और यहां के लोगों का जीवन आसान बनेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *