30 जून : पालमपुर में नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर चल रही अटकलों पर सोमवार को विराम लग गया। कांग्रेस नेतृत्व ने दोनों अहम पद महिलाओं को सौंपते हुए राधा सूद को मेयर और नीलम मलिक को डिप्टी मेयर चुना है। अब ये दोनों युवा जनप्रतिनिधि पालमपुर नगर निगम की नई टीम का नेतृत्व करेंगी।
राधा सूद का नगर निकाय राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वह पहले नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं। नगर निगम के पहले चुनाव में भी वह कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी थीं, लेकिन भाजपा की ओर से उठाई गई आपत्तियों के चलते वह चुनाव नहीं लड़ सकी थीं। मामला अदालत पहुंचा, जहां फैसला उनके पक्ष में आया। इसके बाद पार्षद सोना सूद के इस्तीफे के बाद हुए उपचुनाव में राधा सूद ने जीत दर्ज कर नगर निगम में प्रवेश किया। हालांकि ढाई वर्ष पहले हुए मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में नाम चर्चा में रहने के बावजूद उन्हें जिम्मेदारी नहीं मिल पाई थी।
इस बार मेयर पद की दौड़ में राधा सूद, रंजीत कौर, रीतेश ठाकुर और नीलम मलिक के नाम प्रमुखता से सामने आए थे। रंजीत कौर ने पार्षद चुनाव बड़े अंतर से जीता था और वह पहले भी नगर परिषद की पार्षद रह चुकी हैं। वहीं नीलम मलिक लगातार दूसरी बार पार्षद निर्वाचित हुई हैं। राधा सूद के अनुभव और नीलम मलिक के लगातार दूसरी बार चुने जाने को नेतृत्व चयन में अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार मेयर और डिप्टी मेयर के चयन को लेकर कांग्रेस के भीतर काफी मंथन और राजनीतिक गतिविधियां चलीं। अंततः राधा सूद और नीलम मलिक के नाम पर सहमति बनी। अब नगर निगम की कमान दो युवा और अनुभवी महिलाओं के हाथों में है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि पालमपुर में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। साथ ही लोगों की नजरें इस बात पर भी रहेंगी कि नई टीम अपने चुनावी वादों पर कितनी खरी उतरती है।