30 जून : लाहुल-स्पीति जिले के जाहलमा नाले में सोमवार दोपहर अचानक आई बाढ़ से क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया। बर्फ पिघलने के बाद नाले में जलस्तर बढ़ने से वैकल्पिक सड़क भी बह गई, जिससे लोगों के पास पैदल आने-जाने का रास्ता भी नहीं बचा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक झूला या रोपवे जैसी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते पूरा क्षेत्र अलग-थलग पड़ गया है। किसानों की सब्जियां खेतों में तैयार हैं, लेकिन उन्हें मंडियों तक पहुंचाने का कोई साधन नहीं है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है।
लाहुल-स्पीति विकास मंच के मीडिया प्रभारी काकू शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विधायक जमीनी समस्याओं के समाधान के बजाय सोशल मीडिया तक सीमित हैं। उनका आरोप है कि जब लोगों को राहत और त्वरित कार्रवाई की जरूरत है, तब जनप्रतिनिधि धरातल पर नजर नहीं आ रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पैदल आवाजाही के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराने, झूला या अन्य साधन शुरू करने, सड़क बहाली और पुल निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने की मांग की है। साथ ही किसानों की सब्जियों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल कार्रवाई चाहिए।