30 जून : मंडी जिले में एसटीएफ ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 1.055 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चरस को कार की डिक्की में मैट के नीचे छिपाकर रखा था।
जानकारी के अनुसार, मंडी–सुंदरनगर फोरलेन पर तरोट बस अड्डा के समीप नियमित नाकाबंदी और वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट (आरजे-18सीबी-3954) को जांच के लिए रोका गया। वाहन रुकते ही उसमें सवार युवक घबराए हुए नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में मैट के नीचे छिपाकर रखे गए पांच पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें से कुल 1.055 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने कार चालक आशीष कुमार (39) के अलावा वीरेंद्र कुमार (29), जैकी (20) और प्रमोद (19), सभी निवासी जिला झुंझुनूं (राजस्थान), को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना धनोटू में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।