30 जून : मनाली में उत्तर प्रदेश के बिजनौर से माता-पिता के साथ घूमने आई 14 वर्षीय बच्ची की मनालसू नाले में बहने से मौत हो गई। देर शाम उसका शव वोल्वो बस स्टैंड के पास ब्यास नदी से बरामद किया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर क्लब हाउस के समीप बच्ची अचानक मनालसू नाले में बह गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद देर शाम बच्ची का शव ब्यास नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मनाली में इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ है। प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उधर, बदलते मौसम के बीच लाहुल घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ तेजी से पिघलने के कारण सोमवार को जाहलमा नाले में अचानक बाढ़ आ गई। इससे एसकेटीटी सड़क बंद हो गई और जोबरंग पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। सड़क बंद होने से लाहुल की 14 पंचायतों और चंबा के दुर्गम पांगी क्षेत्र का शेष प्रदेश से सड़क संपर्क कट गया है।
प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मंडी के जोगिंद्रनगर में दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से लंबे समय से वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली।