29 जून , कविता शांति गौतम : बीबीएन क्षेत्र के वार्ड नंबर-06 में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। इस संबंध में तहसीलदार और एसडीएम बद्दी के माध्यम से उपायुक्त सोलन, हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग तथा एपीआरओ नालागढ़ को शिकायत पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित बीएलओ ने राजनीतिक दबाव में आकर एकतरफा कार्यवाही की। कई पात्र लोगों के मतदाता पंजीकरण आवेदन बिना उचित कारण के अस्वीकार कर दिए गए, जबकि स्वीकृत आवेदनों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कुछ चुनिंदा मकान नंबरों में दर्ज किए गए हैं।
युवा नेता एवं अधिवक्ता लखविंदर चौधरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पूरे वार्ड के पात्र मतदाता केवल कुछ मकानों में ही निवास नहीं करते, तो अन्य लोगों के आवेदन किस आधार पर खारिज किए गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यप्रणाली निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही वार्ड नंबर-06 में स्वीकृत और अस्वीकृत सभी मतदाता आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बना रहे।