29 जून : पालमपुर विधायक आशीष बुटेल ने सोमवार को शहीद कैप्टन सौरभ कालिया की जयंती पर सौरभ वन विहार पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन सौरभ कालिया द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत युवाओं को राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती है। आशीष बुटेल ने युवाओं से देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान भी किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के पिता डॉ. एन.के. कालिया, भाई वैभव कालिया, एसडीएम पालमपुर डॉ. ओ.पी. यादव, नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती, संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार, पार्षद इंद्रपाल, डीएफओ डॉ. संजीव शर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर शहीद कैप्टन सौरभ कालिया को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।