29 जून : पालमपुर नगर निगम में नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण और महापौर-उपमहापौर चुनाव को लेकर आयोजित समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान 15 पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, जबकि राधा सूद को सर्वसम्मति से महापौर और नीलम मलिक को उपमहापौर चुना गया।
नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, विधायक आशीष बुटेल, नगर निगम आयुक्त नेत्री मेती, एसडीएम ओ.पी. यादव और डीएसपी सुनील राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि शहरी निकाय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और शहरों के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पार्षद जनहित और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर और उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें राधा सूद और नीलम मलिक का सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ। इसके बाद अतिरिक्त उपायुक्त ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित टीम ने पालमपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकासशील शहर बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।