सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे का मौका, आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी

29 जून : जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को आपसी सुलह एवं मध्यस्थता के माध्यम से निपटाने का सुनहरा अवसर प्रदान किया गया है। इसके लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं। अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके, इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों को आपसी सहमति और संवाद के जरिए सुलझाने की यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रक्रिया के माध्यम से पक्षकार बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं।

कुलदीप शर्मा ने बताया कि आम लोगों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय ने 21 अप्रैल से अपने परिसर में समाधान समारोह-2026 की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत विभिन्न मामलों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ इस अभियान का समापन होगा। लंबित मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है, जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षकारों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *