राजगढ़ पंचायत समिति पर फिर भाजपा का कब्जा, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पदों पर एक वोट से जीत

29 जून रवी दत्त भारद्वाज : सिरमौर जिले की राजगढ़ पंचायत समिति में भाजपा ने एक बार फिर अपना परचम लहराते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की है। भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने कांग्रेस प्रत्याशियों को एक-एक वोट के अंतर से हराकर पंचायत समिति पर कब्जा बरकरार रखा।

राजगढ़ खंड विकास कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पंचायत समिति के सभी 15 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित रमा देवी और कांग्रेस समर्थित रंजू बाला मैदान में थीं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित राजेश ठाकुर और कांग्रेस समर्थित दिनेश ठाकुर के बीच मुकाबला हुआ।

मतगणना में अध्यक्ष पद पर रमा देवी को 8 वोट मिले, जबकि रंजू बाला को 7 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर राजेश ठाकुर ने भी 8 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश ठाकुर को 7 मतों पर रोक दिया। भाजपा ने दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत बनाए रखी।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विधायक रीना कश्यप, नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष और समर्थकों ने विजय जुलूस निकालकर शिरगुल महाराज मंदिर में माथा टेका और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

विधायक रीना कश्यप ने कहा कि पार्टी में आपसी सहमति से ढाई-ढाई वर्ष के कार्यकाल का फार्मूला तय किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी और सभी सदस्यों को साथ लेकर जनहित में कार्य किए जाएंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले आवश्यक उपस्थिति पूरी न होने के कारण चुनाव स्थगित हो गया था, लेकिन बाद में भाजपा अपने सभी समर्थित सदस्यों को एकजुट रखने में सफल रही। अब पंचायत समिति राजगढ़ की कमान रमा देवी और राजेश ठाकुर के हाथों में होगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *