29 जून : चुराह उपमंडल के शिक्षा खंड कल्हेल के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलोह में रविवार शाम अचानक भीषण आग लगने से स्कूल के तीन कमरे और उनमें रखा फर्नीचर, शिक्षण सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान परिसर में रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से लपटें और अधिक भड़क गईं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में करीब 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे स्कूल परिसर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान स्कूल परिसर में रखे दो गैस सिलेंडर फट गए, जिससे जोरदार धमाके हुए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्कूल के प्रभारी अध्यापक कुलदीप कुमार को दी। इसके बाद उपमंडलीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया। स्कूल प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि आग से स्कूल भवन के तीन कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा उनमें रखा फर्नीचर, शिक्षण सामग्री और अन्य आवश्यक सामान भी नष्ट हो गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए और घटना की सूचना एसडीएम चुराह व शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।