29 जून : जिला मंडी के नागरिक अस्पताल संधोल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रविवार को क्षेत्र में बड़े जनआंदोलन की शुरुआत हो गई। क्षेत्र के युवाओं के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में दर्जनभर पंचायतों से हजारों लोगों ने भाग लिया और सरकार व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
आंदोलन की शुरुआत बस अड्डा संधोल से हुई, जहां से युवाओं और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के नए भवन तक विशाल रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
रैली के बाद बस अड्डा परिसर में अविनाश भनवाल, मनीष कुमार, साजन कौंडल, अविनाश और राकेश जम्वाल धरने पर बैठ गए। इस दौरान राकेश जम्वाल ने क्रमिक अनशन शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
नारी शक्ति की अध्यक्ष पूनम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 में क्षेत्र की महिलाओं ने भी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लंबे समय तक आंदोलन किया था। उस समय सरकार ने 90 दिनों के भीतर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन 931 दिन बीत जाने के बावजूद कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में दो एमडी चिकित्सकों, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट सहित अन्य रिक्त विशेषज्ञ पदों को तत्काल भरने और अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।