29 जून : राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कांगड़ा जिले में चलाए जा रहे सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (IPPI) के प्रथम दिवस 1,01,584 बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन (OPV) की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बताते हुए कहा कि जिलेभर में सभी निर्धारित पोलियो बूथों, ट्रांजिट प्वाइंट्स और उच्च जोखिम क्षेत्रों में टीकाकरण सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार 99,144 बच्चों को विभिन्न पोलियो बूथों पर टीका लगाया गया, जबकि यात्रा कर रहे 1,438 बच्चों को ट्रांजिट प्वाइंट्स पर पोलियो की खुराक दी गई। इसके अलावा उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 992 बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के हर पात्र बच्चे तक पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा पहले दिन टीकाकरण से छूट गया हो, तो आगामी घर-घर सर्वेक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को स्थायी बनाए रखा जा सकता है।