29 जून। : कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां क्षेत्र में शराब के ठेके पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। पटियालकड़ स्थित शराब ठेके पर तैनात सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर और चाकू से हमला कर बदमाश करीब 1.85 लाख रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ठारू निवासी अभिषेक चौधरी शनिवार रात ठेके पर ड्यूटी कर रहा था। रात करीब 10 बजे तीन युवक ठेके पर पहुंचे और बीयर खरीदकर पास की दुकान में बैठ गए। इसके बाद वे पटियालकड़ मेले में चले गए, लेकिन करीब 11 बजे दो अन्य साथियों के साथ दोबारा ठेके पर लौट आए। इस दौरान किसी बात को लेकर उनकी सेल्समैन के साथ कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्तौल निकालकर अभिषेक पर तान दी, जबकि दूसरे ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। बदमाशों ने वारदात के दौरान ठेके में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इसके बाद आरोपी गल्ले में रखी करीब 1 लाख 85 हजार रुपए की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
घायल सेल्समैन ने पुलिस थाना नगरो
टा बगवां में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को शक है कि आरोपी बाहरी राज्यों के हो सकते हैं। डीएसपी कांगड़ा मनोज धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।