वीरभद्र सिंह जयंती पर शिमला में सजेगा इंटरनेशनल प्रो-बॉक्सिंग का मंच, 5 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

23 जून : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में इंटरनेशनल प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भारत सहित थाईलैंड, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और ताजिकिस्तान के पेशेवर बॉक्सर विभिन्न भार वर्गों में आमने-सामने होंगे। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर रिज मैदान में बने बॉक्सिंग रिंग में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के बीच फेस-ऑफ भी आयोजित किया गया।

चैंपियनशिप के मुकाबले मंगलवार शाम 5 बजे से शुरू होंगे। लाइट वेट वर्ग में भारत की विनाक्षी का मुकाबला थाईलैंड की सासिथोर्न से होगा, जबकि मिडल वेट वर्ग में भारत के दीपक कटोच उज्बेकिस्तान के ओजदोबेक से भिड़ेंगे। सुपर बैंटम वेट वर्ग में भारत की पूनम का सामना श्रीलंका की लोगानाथन काजिन्थिनी से होगा। वहीं, लाइट वेट वर्ग में भारत के जितेंद्र और श्रीलंका के मुराजुदीन के बीच मुकाबला होगा। सुपर वैल्टर वेट वर्ग में भारत के अमन और ताजिकिस्तान के फैजल के बीच भी रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी।

आयोजकों का कहना है कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में पेशेवर बॉक्सिंग को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले देखने तथा सीखने का अवसर उपलब्ध कराना है।

इधर, वीरभद्र सिंह की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। साथ ही जिला और ब्लॉक स्तर पर भी वीरभद्र सिंह की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *