22 जून : पालमपुर के सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। विधायक आशीष बुटेल ने घोषणा की कि अस्पताल में जल्द ही एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी, जबकि 50 बिस्तरों की क्षमता वाले मदर एंड चाइल्ड अस्पताल भवन का निर्माण भी किया जाएगा।
शनिवार को आयोजित रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की वार्षिक बैठक में विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि सिविल अस्पताल पालमपुर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल है और यहां आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एमआरआई मशीन और मदर एंड चाइल्ड अस्पताल भवन के लिए प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु भेज दिए गए हैं। इसके साथ ही अस्पताल में रिक्त पदों को भरने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी काम जारी है।
विधायक ने कहा कि वर्तमान में अस्पताल में 26 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन की सराहना करते हुए बताया कि कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल ने जिला स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
बैठक में अस्पताल परिसर में पार्किंग निर्माण, डेंटल भवन निर्माण और नगर निगम क्षेत्र में तीन शहरी स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने पर भी चर्चा हुई। वहीं वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.86 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई।
बैठक में एसडीएम डॉ. ओपी यादव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तिलक भागड़ा, डॉ. डोली बिंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आरकेएस सदस्य मौजूद रहे।