बरसों का इंतजार खत्म, रेतर खड्ड पर बनकर तैयार हुआ पुल

22 जून : नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पल्ली, रेतर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत रेतर खड्ड पर 4.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी टी-बीम पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। पुल के शुरू होने से क्षेत्र के लगभग दस गांवों की पांच हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, पुल से जुड़ी अप्रोच रोड का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

रेतर खड्ड पर पुल निर्माण की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। बरसात के दौरान खड्ड का जलस्तर बढ़ जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित होती थी। ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती थी। इसका सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों और मरीजों पर पड़ता था।

44 मीटर लंबे और 7.50 मीटर चौड़े इस आधुनिक पुल के निर्माण से क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। अब पल्ली, रेतर और आसपास के गांवों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसानों को अपने कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जबकि छात्रों और कर्मचारियों का सफर भी अधिक सुविधाजनक बनेगा।

ग्रामीणों ने पुल निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में खड्ड के उफान के कारण जनजीवन प्रभावित हो जाता था और कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

लोक निर्माण विभाग नालागढ़ मंडल के अधिशासी अभियंता परवरसर सिंह ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि अप्रोच रोड का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना का पूरा लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *