22 जून : मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम गेहरी में रविवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी ही मां पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए पिता भी घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 51 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी घरेलू विवाद के चलते आरोपी खेमा राम ने गुस्से में आकर अपनी मां पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान पिता ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन वह भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।