22 जून : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हमीरपुर प्रवास के दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। इस दौरान हिम आंचल पेंशनर्ज संघ और हिमाचल प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के समाधान की मांग की।
हिम आंचल पेंशनर्ज संघ का एक शिष्टमंडल प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम के नेतृत्व में सर्किट हाउस हमीरपुर में मुख्यमंत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने 62 से 65 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों को पेंशन संशोधन के बकाया एरियर का भुगतान किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि 65 से 70 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों को लाभ देने संबंधी घोषणा के बाद 62 से 65 वर्ष के पेंशनर इस सुविधा से वंचित रह जाएंगे, जबकि उनकी संख्या भी काफी कम है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि 65 से 70 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों के भुगतान संबंधी आदेश शीघ्र जारी किए जाएंगे। इस पर संघ ने आग्रह किया कि 62 से 70 वर्ष तक के सभी पात्र पेंशनरों को पेंशन संशोधन का बकाया एरियर और ग्रेच्युटी भुगतान करने संबंधी एकमुश्त आदेश जारी किए जाएं। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में मुख्य संरक्षक योगराज शर्मा, मुख्य संगठन सचिव प्रशोत्तम दास शर्मा, खंड प्रधान जगदीश चंद शर्मा तथा हमीरपुर खंड प्रधान देवराज पटियाल भी शामिल रहे।
वहीं, हिमाचल प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष मुनीष कुमार की अगुवाई में मुख्यमंत्री से मिला। संघ ने ग्रामीण विकास विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों पर ग्राम रोजगार सेवकों के समायोजन की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा पिछले चार माह से वेतन न मिलने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।
मुख्यमंत्री ने लंबित वेतन जल्द जारी करने के निर्देश दिए तथा ग्राम रोजगार सेवकों के लिए स्थायी नीति तैयार करने संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा। इस प्रतिनिधिमंडल में राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित लगभग 150 ग्राम रोजगार सेवक शामिल रहे।