20 जून : शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले में नए खुलासे हुए हैं। वायरल वीडियो में दो नकाबपोश हमलावर स्कूल के बाहर घात लगाकर इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।
फुटेज के अनुसार, मनीषा मित्तल जैसे ही स्कूल के मुख्य गेट के पास पहुंचीं, दोनों आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के करीब 40 घंटे के भीतर दोनों मुख्य आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया था। अब सीसीटीवी फुटेज को जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका का अपने भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल के मालिकाना हक और संचालन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच रही है और मामले की गहन पड़ताल जारी है।