20 जून : हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) हमीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर तथा इससे संबद्ध सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी 30 जून तक ऑनलाइन काउंसिलिंग फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश के लिए निर्धारित पात्रता, सीटों और अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना विवरणिका में देखी जा सकती है।
विश्वविद्यालय और संबद्ध शिक्षण संस्थानों में बीटेक (डायरेक्ट एवं लेटरल एंट्री), बी फार्मेसी (डायरेक्ट एवं लेटरल एंट्री), बी आर्क, एमबीए, एमबीए (टूरिज्म), एमसीए, एमटेक, एम फार्मेसी, एमएससी भौतिक विज्ञान, एमएससी पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग, बीएससी एचएमसीटी/बीएचएमसीटी तथा फार्मा डी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।