20 जून : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेले और 26 जून को होने वाली भव्य बंगाणा स्टार नाइट में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने विधायक द्वारा दिए गए निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पिपलू मेला कुटलैहड़ क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस मेले में भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार मेले को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। वहीं, 26 जून को आयोजित होने वाली बंगाणा स्टार नाइट भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि पिपलू मेला उनके लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बचपन की अनेक यादों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि उनका विधानसभा क्षेत्र और पैतृक गांव पिपलू स्थित नर सिंह नारायण मंदिर से लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है, जिसके कारण इस मेले से उनका विशेष भावनात्मक लगाव रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पुरातन सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।