19 जून : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को 56 साल के हो गए। उनके जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, पवन खेड़ा सहित पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व व संघर्ष की सराहना की।
राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। वह पिछले दो दशकों से सक्रिय राजनीति में हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राहुल गांधी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की आवाज उठाने के लिए उनका संघर्ष प्रेरणादायक है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने की सराहना की।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि लगातार आलोचनाओं और राजनीतिक हमलों के बावजूद राहुल गांधी का संकल्प और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जनता के साथ अपने संबंधों को और गहरा किया है।
वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को युवा, महिलाओं और वंचित वर्गों की सशक्त आवाज बताते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।