19 जून : अखिल भारतीय कोली समाज के 12वें राष्ट्रीय महाअधिवेशन को सफल बनाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश कोली समाज की प्रदेश कार्यकारिणी की विशेष बैठक शिमला स्थित कौशल भवन, कामनानगर चक्कर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष अमर चंद शलाठ ने की, जिसमें प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, महिला एवं युवा विंग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न जिलों से आए सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में 21 जून को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महाअधिवेशन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों की सहभागिता, यात्रा प्रबंधन, आवास, भोजन, समन्वय तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां संबंधित पदाधिकारियों को सौंपी गईं।
प्रदेशाध्यक्ष अमर चंद शलाठ ने कहा कि यह राष्ट्रीय महाअधिवेशन कोली समाज के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने सभी जिला एवं खंड इकाइयों से प्रतिनिधियों की अंतिम सूची समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूरी की जा सकें।
प्रदेश महामंत्री गोपाल झिल्टा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से 300 से अधिक प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश से बड़ी संख्या में समाज के लोग महाअधिवेशन में भाग लेकर इसे सफल बनाएंगे।