बीमार बेटी पायल के लिए आगे आए आर.एस. बाली, निजी खाते से 5 लाख रुपये की एफडी करवाई

11 जून : नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए ग्राम ठारू की गंभीर रूप से बीमार बेटी पायल की सहायता के लिए अपने निजी खाते से 5 लाख रुपये की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) करवाई है। यह राशि किसी सरकारी योजना या सरकारी कोष से नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर प्रदान की गई है।

कुछ समय पहले पायल की गंभीर बीमारी और उपचार में आने वाले भारी खर्च की जानकारी मिलने पर आर.एस. बाली ने परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया था। उसी दौरान उन्होंने पायल के इलाज के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। अब उन्होंने अपनी घोषणा को पूरा करते हुए यह राशि पायल के नाम एफडी के रूप में जमा करवा दी है।

बताया जा रहा है कि पायल के उपचार पर लगभग 15 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार के लिए इतने बड़े खर्च का वहन करना मुश्किल था। ऐसे में आर.एस. बाली द्वारा की गई यह सहायता परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुई है।

पायल के पिता राजकुमार ने इस सहयोग के लिए आर.एस. बाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी के इलाज में मिली यह मदद परिवार के लिए संबल बनी है। वहीं ग्राम ठारू के पूर्व प्रधान अजय वनियारी ने भी इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आर.एस. बाली का धन्यवाद किया।

आर.एस. बाली इससे पहले भी जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए आगे आते रहे हैं। उनके इस कदम की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *