चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: सीमेंट से लदा ट्रक हाईवे पर गिरा, दो हिस्सों में टूटा; पिता-पुत्र घायल

10 जून : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। तुनुहट्टी-लाहड़ू-धर्मशाला मार्ग पर सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे गुजर रहे पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक दो हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक और उसका 12 वर्षीय बेटा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नालागढ़ निवासी जसवीर सिंह (38) अपने 12 वर्षीय बेटे वंश के साथ ट्रक में सीमेंट लेकर चंबा की ओर जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे तुनुहट्टी के समीप एक मोड़ पर सामने से आ रही एक निजी बस से ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सड़क से नीचे लुढ़कते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा गिरा।

हादसे के दौरान ट्रक के हाईवे पर गिरने से जोरदार आवाज हुई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग और पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रक में फंसे चालक और उसके बेटे को बाहर निकाला। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कमलाड़ी स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए नागरिक अस्पताल चुवाड़ी रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। ट्रक सड़क के बीचोंबीच गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाकर ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल किया जा सका।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसा बस और ट्रक की टक्कर के बाद नियंत्रण खोने से हुआ माना जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *