10 जून : हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) हमीरपुर द्वारा आयोजित एचपीसीईटी-2026 (बीफार्मेसी) प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए हैं। इस परीक्षा में कांगड़ा जिले के धर्मशाला क्षेत्र की होनहार छात्रा रिधिमा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की है।
धर्मशाला के समीप स्थित सकोह गांव की निवासी रिधिमा ने प्रवेश परीक्षा में 552 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और जिले में खुशी का माहौल है।
रिधिमा के पिता कमलजीत और माता पूजा ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है। रिधिमा ने अपनी उपलब्धि से यह साबित किया है कि निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति दृढ़ता सफलता की कुंजी हैं।
अपनी सफलता के बारे में रिधिमा ने बताया कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
रिधिमा ने अन्य विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बना रहे तो किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है।
रिधिमा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।