10 जून: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक उद्योगपति पर अपनी कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी के साथ शारीरिक शोषण और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में उत्तर प्रदेश के बनारस पहुंची है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह आरोपी की कंपनी में कार्यरत थी और कंपनी मालिक लंबे समय से उसके साथ अनुचित व्यवहार करता था। महिला का कहना है कि उसके पति के बाहर रहने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ कई बार जबरदस्ती की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दीं।
महिला ने बताया कि सामाजिक बदनामी और नौकरी खोने के डर के कारण वह लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करवा सकी। हालांकि बाद में उसने पुलिस से संपर्क कर पूरा मामला सामने रखा।
पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उसका कहना है कि आरोपी के प्रभाव और कथित धमकियों के कारण उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उद्योगपति बद्दी छोड़कर फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
महिला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में ला रही है।