10 जून : चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में आईटीआई के दो प्रशिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना नागचला और डडौर के बीच उस समय हुई जब बाइक पर सवार तीन युवक मंडी से सुंदरनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नागचला के पास उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से अन्य दो घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान प्रदीप कुमार (21) पुत्र बीरबल सिंह निवासी गांव पपलेड़ा, डाकघर मराथु तथा राजीव कुमार (24) पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव एवं डाकघर मराथु, तहसील सदर जिला मंडी के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में घायल मनोज (24) निवासी सोलन खेड़ा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है
बताया जा रहा है कि तीनों युवक सुंदरनगर स्थित आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दुखद घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।