ओमान तट के पास मिसाइल हमले का शिकार हुआ टैंकर, सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए

9 जून: ओमान तट के पास एक व्यापारिक टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद उस पर सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (एमआरसीसी) मुंबई ने ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर यह सफल बचाव अभियान संचालित किया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:20 बजे एमआरसीसी मुंबई को पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर ‘एमटी मेरीवेक्स’ पर मिसाइल हमले की सूचना मिली। यह जहाज ओमान के मसीराह तट के पास लंगर डाले हुए था। जहाज पर सवार सभी 24 चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक थे। घटना की जानकारी जहाज पर मौजूद एक सदस्य के रिश्तेदार ने एमआरसीसी मुंबई को दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एमआरसीसी मुंबई ने तुरंत ओमान मैरीटाइम सर्च एंड रेस्क्यू सेंटर से संपर्क कर सहायता मांगी। इसके बाद ओमान ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। पास के एक जहाज का मार्ग बदला गया और दो बचाव हेलीकॉप्टर मौके पर भेजे गए।

एमआरसीसी मुंबई पूरे अभियान के दौरान ओमान और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में रहा। शाम करीब 5 बजे ओमान की ओर से पुष्टि की गई कि नौसेना के हेलीकॉप्टरों ने सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया है। किसी भी नाविक के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। टैंकर फिलहाल मसीराह तट के पास लंगर डाले हुए है।

भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और आपदा प्रबंधन तंत्र की प्रभावशीलता का उदाहरण है। एमआरसीसी मुंबई हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार काम कर रहा है। भारतीय तटरक्षक बल ने दोहराया कि वह दुनिया के किसी भी हिस्से में भारतीय नाविकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *