9 जून: घुमारवीं उपमंडल के हवाण क्षेत्र में कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर सोमवार को माहौल गरमा गया। थाना घुमारवीं में दर्ज शिकायत के बाद स्थानीय लोगों, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता संदीप कुमार के अनुसार वह रविवार दोपहर भ्यानू पीर मंदिर के समीप स्थित एक स्टोर में गया था। इसी दौरान वहां एक वाहन आकर रुका, जिसमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे। संदीप का आरोप है कि वाहन में मौजूद एक व्यक्ति उसका परिचित था, जबकि अन्य लोगों को वह नहीं जानता था।
शिकायत के अनुसार संबंधित लोगों ने उसे और उसके परिवार को धर्म परिवर्तन के बदले पांच लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया। इसके अलावा हर महीने पांच हजार रुपये और मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात भी कही गई। संदीप ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। उसका कहना है कि प्रस्ताव ठुकराने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और उसे एक बाइबल देकर दोबारा विचार करने के लिए कहा गया।
सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि थाना घुमारवीं पहुंचे तथा मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लोगों को आर्थिक लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।