गगरेट में खेत से युवक का शव बरामद, कांगड़ा निवासी की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी

8 जून : ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में सोमवार सुबह एक खेत से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने अल्फा होटल के सामने स्थित खेत में एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही गगरेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान साहिल धीमान (26) पुत्र मदन लाल, निवासी बनखंडी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक कथित रूप से नशे का आदी था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। साथ ही घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *