8 जून: यादवपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार तड़के चलाए गए अभियान के दौरान विरोध प्रदर्शन करने पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार रेलवे परिसर से रेहड़ी-पटरी और फेरीवालों को हटाने की कार्रवाई आधी रात के बाद शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि अभियान के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई और पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, माकपा ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने विरोध कर रहे फेरीवालों और पार्टी नेताओं पर लाठीचार्ज किया। पार्टी के अनुसार इस दौरान केंद्रीय समिति सदस्य सुजान चक्रवर्ती और एसएफआई के राज्य महासचिव सृजन भट्टाचार्य समेत कई लोग घायल हुए हैं। माकपा का दावा है कि लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारियों के सिर में चोटें आई हैं।
गिरफ्तारियों और कथित लाठीचार्ज के विरोध में एसएफआई समर्थकों ने यादवपुर विश्वविद्यालय के सामने राजा एस.सी. मलिक रोड पर धरना दिया। माकपा नेताओं ने फेरीवालों को हटाने से पहले उनके उचित पुनर्वास की मांग की है।
इस बीच पूर्वी रेलवे ने कहा है कि सियालदह-बरुईपुर रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह माकपा सांसद अमरा राम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रेलवे स्टेशनों और रेलवे भूमि से फेरीवालों को हटाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में रेलवे स्टेशनों के भीतर और बाहर फेरीवालों की लंबे समय से चली आ रही व्यवस्था हजारों लोगों की आजीविका का आधार है।