8 जून : हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हिमाचल अभियान” के तहत पुलिस जिला देहरा को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस थाना देहरा की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 279 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जून को थाना देहरा की टीम नियमित गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान तलाई कुरु क्षेत्र में एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 279 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल शर्मा (23) पुत्र रविंद्र नाथ निवासी गांव भलवानी, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस जिला देहरा ने कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।