मैहतपुर में बड़ा सड़क हादसा: वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस क्षतिग्रस्त, कई घायल

7 जून : हिमाचल प्रदेश-पंजाब सीमा पर स्थित मैहतपुर में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। बस में सवार यात्री माता वैष्णो देवी के दर्शन कर जयपुर लौट रहे थे। हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मैहतपुर प्रवेश द्वार के समीप सरिया से लदे एक ट्रक ने अचानक यू-टर्न लिया। ट्रक से बाहर निकले सरिए बस के एक हिस्से से टकरा गए, जिससे बस की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। इस दौरान टूटे शीशों और अन्य मलबे की चपेट में आने से कई यात्री घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों की सहायता की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।

पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *