नेपाल से 600 किलोमीटर का सफर तय कर पौंग झील पहुंचा दुर्लभ सफेद पीठ वाला गिद्ध

11 नवम्बर: नेपाल से करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय कर दुर्लभ प्रजाति का सफेद पीठ वाला गिद्ध हिमाचल प्रदेश की पौंग झील पहुंच गया है। सैटेलाइट ट्रांसमीटर से लैस इस गिद्ध की गतिविधियों पर विशेषज्ञ लगातार नजर रख रहे हैं। खास बात यह है कि गिद्ध ने पौंग झील क्षेत्र में अपना एक साथी भी बना लिया है। चार नवंबर, 2026 को इसे एक अन्य गिद्ध के साथ घोंसले में बैठे हुए देखा गया, जिससे यहां इनके प्रजनन की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

जानकारी के अनुसार, 16 मार्च, 2026 को नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान में इस गिद्ध को पकड़ा गया था। इसके बाद नेपाल के राष्ट्रीय उद्यान एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग, बर्ड कंजर्वेशन नेपाल और रॉयल सोसायटी फॉर द प्रोटेक्शन ऑफ बर्ड्स की संयुक्त टीम ने इसके शरीर पर सैटेलाइट ट्रांसमीटर लगाया। पहचान के लिए इसकी टांग में लाल रंग की रिंग भी डाली गई, ताकि विशेषज्ञ इसकी आवाजाही और प्रवास के रास्तों पर नजर रख सकें।

ट्रांसमीटर लगाए जाने के बाद यह गिद्ध करीब दो सप्ताह तक नेपाल के शुक्लाफांटा और आसपास के क्षेत्रों में रहा। इसके बाद इसने उत्तराखंड की ओर रुख किया और अप्रैल 2026 के मध्य में हिमाचल प्रदेश पहुंच गया। तब से यह पौंग झील के आसपास करीब 45 किलोमीटर के दायरे में सक्रिय है। गिद्ध जीव विज्ञानी डॉ. माल्याश्री भट्टाचार्य के अनुसार, इस गिद्ध ने झील क्षेत्र में अपना साथी भी बना लिया है। चार नवंबर को इसे दूसरे गिद्ध के साथ घोंसले में देखा गया था।

विशेषज्ञों के अनुसार, कांगड़ा घाटी सफेद पीठ वाले गिद्धों के प्रजनन के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां मौजूद पुराने और घने पेड़ इन पक्षियों के घोंसले बनाने के लिए अनुकूल स्थान उपलब्ध कराते हैं। हालांकि, पशुओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कुछ जहरीली दवाइयां गिद्धों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। इनके कारण गिद्धों की संख्या में लगातार गिरावट चिंता का विषय बनी हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि गिद्धों के संरक्षण के लिए भारत और नेपाल को मिलकर प्रयास करने होंगे, ताकि इस दुर्लभ पक्षी की आबादी को बचाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *