मंडी में भीषण अग्निकांड: दोमंजिला मकान जलकर राख, परिवार को 20 लाख का नुकसान

7 जून : मंडी जिले के सराज क्षेत्र की ग्राम पंचायत थाटा के नीरू गांव में शनिवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड में एक परिवार का दोमंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने से परिवार को लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हादसे के बाद प्रभावित परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार नीरू गांव निवासी सोतू राम के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण मकान को बचाया नहीं जा सका।

अग्निकांड में घर के भीतर रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया। एसडीएम बालीचौकी बचित्र सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत प्रदान कर दी गई है। साथ ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है ताकि नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने भी परिवार को हर संभव मदद देने की बात कही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *