रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने बस स्टैंड पार्क को बनाया स्वच्छ, चलाया पौधारोपण अभियान

6 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने शुक्रवार को नाहन के अंतरराज्यीय बस स्टैंड स्थित पार्क में विशेष स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान क्लब की सदस्याओं ने पार्क की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधे भी लगाए।

क्लब की प्रधान सोना चंदेल ने कहा कि बस स्टैंड का यह पार्क यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है, इसलिए इसे साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने इस पार्क को गोद लिया है और समय-समय पर इसकी देखरेख व सौंदर्यीकरण के लिए अभियान चलाए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि पार्क में अशोक के 30 पौधे लगाए जाएंगे। क्लब की सदस्याओं ने पार्क में फैली प्लास्टिक की बोतलों, घास और झाड़ियों को हटाकर सफाई अभियान चलाया। सोना चंदेल ने कहा कि पहले पार्क की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन क्लब के प्रयासों से इसे बेहतर बनाया गया है। यह पार्क शहर के वरिष्ठ नागरिकों और यात्रियों के लिए आराम का महत्वपूर्ण स्थान है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में क्लब ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए 300 कपड़े के थैले तैयार किए हैं। इन थैलों को सब्जी विक्रेताओं, दुकानदारों और घरों में वितरित किया जाएगा, ताकि लोग प्लास्टिक के थैलों का उपयोग कम करें। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी क्लब की ओर से करीब 250 कपड़े के थैले वितरित किए गए थे। क्लब ने भविष्य में भी पार्क की नियमित सफाई और रखरखाव जारी रखने का संकल्प लिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *