पुलिसकर्मी से मारपीट करने वाला आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर

6 जून: पांवटा साहिब में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में गिरफ्तार आरोपी फरमान खान को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार यह घटना 3 जून को गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र के समीप पीर की मजार के सामने हुई थी। धौलाकुआं स्थित छठी आईआरबी बटालियन में तैनात आरक्षी राजेश छिंटा ड्यूटी समाप्त करने के बाद भोजन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी फरमान खान के साथ कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वर्दीधारी जवान के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फरमान खान वर्तमान में तारुवाला, पांवटा साहिब में रह रहा है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि वह पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्य कर चुका है। घटना के समय वह एक दवा कंपनी में सुरक्षा ठेकेदार के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने उसे सेवा से हटा दिया है।

मामले की समीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने पांवटा साहिब थाना पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, जिन्हें फिलहाल नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *