सुप्रीम कोर्ट से विनेश फोगाट को राहत, एशियाई खेल ट्रायल्स में भाग लेने की मंजूरी

29 मई: भारतीय पहलवान  को विनेश फोगाट सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 30 और 31 मई को आयोजित होने वाले एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने यह फैसला भारतीय कुश्ती महासंघ की उस याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश के बाद खिलाड़ियों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं और ऐसे समय में उन्हें वापस भेजना उचित नहीं होगा। कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ की ओर से पेश वकील से स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस स्तर पर खिलाड़ियों के साथ संवेदनशीलता से पेश आना जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह तय की है। अदालत ने यह भी माना कि विनेश फोगाट का मामला भारतीय खेलों में उनके योगदान के कारण विशेष महत्व रखता है। कोर्ट ने कहा कि उन्होंने देश का नाम रोशन किया है और यह मामला सामान्य परिस्थितियों से अलग है।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने खेल मामलों में बार-बार न्यायिक हस्तक्षेप पर चिंता भी जताई। अदालत ने दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा मामले को संभालने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं और चयन प्रक्रिया में जल्दबाजी में किया गया हस्तक्षेप पूरे कार्यक्रम को प्रभावित कर सकता है। जस्टिस नरसिम्हा ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह मेडिकल कॉलेजों में दाखिले जैसा मामला नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों से जुड़ा विषय है, इसलिए अदालतों को संतुलन बनाए रखना चाहिए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *