हमीरपुर में पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी, 77 पंचायतों के 429 बूथों पर आज मतदान

29 मई : हमीरपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को जिले की 77 ग्राम पंचायतों के 429 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सभी मतदान दल बूथों पर पहुंच चुके हैं और मतदान केंद्रों को शुक्रवार को ही तैयार कर दिया गया था, ताकि शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू की जा सके।

तीसरे चरण में पंचायत प्रधान और उपप्रधान के कुल 154 पदों तथा पंचायत सदस्यों के 429 पदों के लिए मतदान होगा। इसके साथ ही संबंधित जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।

प्रशासन के अनुसार नादौन ब्लॉक में 110, बिझड़ी में 87, बमसन में 42, भोरंज में 82, हमीरपुर में 66 और सुजानपुर ब्लॉक में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के नतीजे उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की मतगणना रविवार सुबह 9 बजे से संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में होगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *