29 मई : धर्मशाला में जिला कांगड़ा में नशे की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय कुमार ने की। इस दौरान नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और युवाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों पर चर्चा की गई।
एडीसी विनय कुमार ने कहा कि जिले की 44 चिन्हित पंचायतों में विभिन्न विभागों के अधिकारी स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही उन्हें सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशे के मामलों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को मजबूत बनाकर सप्लाई चेन तक पहुंचना जरूरी है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। प्रशासन और पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में स्कूलों में प्रहरी क्लबों को सक्रिय करने और ‘संवाद’ कार्यक्रम के तहत नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति जागरूकता होर्डिंग्स लगाने और निजी नशा मुक्ति केंद्रों की निगरानी मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।