डंपर-ट्रक की भिड़ंत के बाद बड़ा हादसा, रेस्क्यू कर रहे लोगों को बस ने कुचला, 6 की मौत

25 मई: महाराष्ट्र के धुले-मुंबई-आगरा हाईवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को धुले के भाऊसाहब हिरे सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसा ललिंग घाट क्षेत्र में उस समय हुआ, जब रेत से भरा एक डंपर गलत दिशा में आकर शराब से लदे ट्रक से टकरा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब तीन बजे हाईवे पर भारी ट्रैफिक था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद टोल प्लाजा कर्मचारी और स्थानीय लोग घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। तभी मुंबई से इंदौर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से जा भिड़ी।

बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेस्क्यू में लगे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। टोल प्लाजा कर्मचारियों और मोहादी पुलिस की मदद से घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों में घायलों को बचाने पहुंचे 32 वर्षीय मनोज नारवाल, 35 वर्षीय टोल प्लाजा कर्मचारी गणेश हीरामन थोराट और 43 वर्षीय बस चालक जावेद खान शामिल हैं। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के विरोध में टोल प्लाजा कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मोहादी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *