25 मई: राजधानी शिमला के शोघी-मैहली बाईपास रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। न्यू शिमला थाना क्षेत्र के तहत बड़ागांव स्थित सीवरेज प्लांट के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बिलासपुर निवासी बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार थे, जो बिलासपुर से शिमला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी।
मृतकों की पहचान सुमन शर्मा (69) और उनकी पत्नी लीला देवी (64) निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उनका बेटा अखिल कुमार और निर्मला देवी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही न्यू शिमला पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से सभी को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।