कुल्लू में दर्दनाक मंजर, ब्यास किनारे मिला इंसानी शरीर का हिस्सा

23 मई: कुल्लू जिला मुख्यालय के समीप बबेली गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ब्यास नदी के किनारे इंसानी शरीर का कटा हुआ पैर बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि देर शाम तक मौके से किसी व्यक्ति का शव बरामद नहीं हो पाया।

मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू अग्निशमन केंद्र को सूचना मिली थी कि बबेली क्षेत्र में ब्यास नदी के पास एक शव देखा गया है। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस के साथ मिलकर नदी किनारे गहन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान टीम को केवल मानव शरीर का कटा हुआ पैर मिला, जबकि शव का बाकी हिस्सा नहीं मिल सका।

पुलिस ने बरामद पैर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। यह किसी हादसे का मामला है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना जुड़ी हुई है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज हालिया गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। वहीं, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें नदी के अन्य हिस्सों में भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *