22 मई: कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम विमान सेवा रद्द होने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। एयरपोर्ट पर विशेष विमान सेवाएं संचालित करने वाली बीकेजे एयरपोर्ट्स कंपनी के कर्मचारियों और एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन के चालकों के बीच जमकर बहसबाजी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि कंपनी की एक महिला कर्मचारी पर टैक्सी चालकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगे।
जानकारी के अनुसार, कंपनी के कुछ कर्मचारी अपनी निजी गाड़ी में यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर ले जा रहे थे, जिसका टैक्सी यूनियन ने विरोध किया। यूनियन के प्रधान कुलजीत राणा का आरोप है कि पहले एक यात्री को निजी वाहन में ले जाया गया और बाद में अन्य यात्रियों को भी बैठाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर कंपनी कर्मचारियों और टैक्सी चालकों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
टैक्सी यूनियन का कहना है कि चालक भारी खर्च और बैंक से लोन लेकर टैक्सियां चला रहे हैं। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन को निर्धारित शुल्क भी जमा किया जाता है, इसके बावजूद उनके हितों की अनदेखी की जा रही है।
वहीं, जब मीडिया ने इस मामले में बीकेजे एयरपोर्ट्स कंपनी की महिला कर्मचारी से पक्ष जानने का प्रयास किया तो कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए। काफी देर इंतजार के बाद बताया गया कि संबंधित कर्मचारी इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहती।
घटना के बाद अब एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को निजी वाहनों से ले जाने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।