22 मई: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के अमरगढ़ क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अमरगढ़ निवासी रजत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रजत पहले हरियाणा के पानीपत स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। बुधवार देर रात उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला जब उसका भाई विशाल नींद से जागा और रजत को कमरे में नहीं पाया। तलाश करने पर देखा गया कि उसने पंखे से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया था। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले साल 30 नवंबर को पानीपत में हुए सड़क हादसे में रजत गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई थीं, जिसके चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। इलाज पर अधिक खर्च होने से आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई थी। वहीं पारिवारिक रिश्तों में चल रहे तनाव और अकेलेपन ने उसे अंदर से काफी परेशान कर दिया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।