21 मई: हिमाचल प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में पेड़ों पर कीलें ठोककर लगाए गए बोर्ड, होर्डिंग और लटकती तारों को हटाने के लिए वन विभाग ने बुधवार से विशेष अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान प्रदेश के विभिन्न वन मंडलों के अंतर्गत आने वाले शहरों और कस्बों में चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर पेड़ों से कीलों के सहारे लगाए गए बोर्ड और तारों को हटा रहे हैं, साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
वन विभाग के निर्देशों के अनुसार यह अभियान 23 मई तक जारी रहेगा और सभी वन मंडलों को इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी होगी। प्रदेश के शहरी इलाकों में निजी कंपनियों और संस्थानों द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए पेड़ों पर बोर्ड और विज्ञापन सामग्री लगाई गई थी, जिससे पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा था। पेड़ों में कीलें ठोककर लगाए गए बोर्डों और लटकती तारों को अब हटाया जा रहा है।
प्रिंसीपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फोरेस्ट डॉ. संजय सूद ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह विशेष मुहिम शुरू की गई है और अभियान के दौरान लोगों से भी पेड़ों को नुकसान न पहुंचाने की अपील की जा रही है।