26 मई की पंचायतों में चुनाव ड्यूटी कर्मी 24 को करेंगे मतदान, बैलेट पेपर से डालेंगे वोट

21 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है। जिन पंचायतों में 26 मई को मतदान होना है, वहां 24 मई को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसी दौरान चुनावी टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार अपने-अपने बूथों के लिए रवाना होंगी। पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी पोल ड्यूटी बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कर सकेंगे। इनमें सेक्टर अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ), पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, पुलिस कर्मी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहेंगे।

यह सुविधा केवल संबंधित विकास खंड में चुनाव ड्यूटी निभा रहे कर्मचारियों को ही मिलेगी। यदि किसी कर्मचारी की ड्यूटी दूसरे ब्लॉक में लगाई गई है, तो वह अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएगा। संबंधित ब्लॉक में तैनात कर्मचारी निर्धारित समय और स्थान पर बैलेट पेपर के जरिए मतदान करेंगे। इन मतों को संबंधित आरओ सुरक्षा के बीच पंचायतों तक पहुंचाएंगे और मतगणना चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।

प्रदेश में पंचायत चुनावों के दौरान अब तक 131 ग्राम पंचायतें निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं। 15 मई के बाद से कुल 10854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। पंचायत चुनावों की अधिसूचना 29 अप्रैल 2026 को जारी हुई थी, जबकि नामांकन पत्र 7, 8 और 11 मई को दाखिल किए गए थे। राज्य में 26, 28 और 30 मई को अलग-अलग चरणों में मतदान कराया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *